Budh Purnima 2024: इस साल बुद्ध पूर्णिमा 23 मई को मनाई जाएगी। यह तिथि बौद्ध धर्म के लोगों के लिए बेहद खास होती है। माना जाता है कि इस दिन गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था और उन्हें ज्ञान की भी प्राप्ति हुई थी। बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व को न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन भगवान बुद्ध की पूजा करने पर ज्ञान की प्राप्ति होती है। दुनिया भर के लोग इस तिथि पर उनसे योग्य बुद्धि की कामना करते हैं।गौतम बुद्ध के जीवन से हम सभी को बहुत कुछ सीखने को मिलता है, उन्होंने हमेशा लोगों को अहिंसा और करुणा का भाव सिखाया। उनके अनमोल विचार वर्तमान में भी लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, इन्हें जीवन में उतारने से समस्याओं का निवारण आसानी से होता है। ऐसे में आइए महात्मा बुद्ध के द्वारा दिए गए उपदेशों के बारे में जान लेते हैं, जो बेहतर जीवन जीने के तरीके सिखाते हैं।

गौतम बुद्ध के अनमोल विचार

हजार लड़ाइयां करने से बेहतर है स्वयं पर  विजय प्राप्त करें। यदि आपने स्वयं पर विजय प्राप्त कर लिया तो जीत हमेशा आपकी होगी।

किसी भी घटना में उलझे नहीं रहना चाहिए, जो बीत गया सो बीत गया । जीवन में खुश रहना चाहते हैं, तो वर्तमान को जीना सीखिए।

गौतम बुद्ध के अनुसार जो जैसा सोचता है, वह वैसा ही बनता है इसलिए अच्छा व सकारात्मक सोचें।

मन में घृणा नहीं रखनी चाहिए, किसी भी चीज को प्रेम से जीता जाता है, इसलिए हमेशा प्यार बनाए रखें।

जीवन में जो मिला है, जो आपके पास मौजूद है, उसका सम्मान करें। कभी भी किसी से ईर्ष्या न करें।

गौतम बुद्ध के अनुसार खुशियां बांटने से हमेशा बढ़ती हैं, इसलिए अपने आसपास हमेशा खुशियां बनाए रखें।

बुद्ध के अनुसार मोमबत्ती बिना आग के नहीं जल सकती और इंसान भी आध्यात्मिक जीवन के बिना नहीं जी सकता।

यदि कोई आपकी बुराई करता है तो यह अच्छा है, आप अपनी अच्छाई से उस बुराई को मात दे सकते हैं।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।