लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले में नीलो नहर पुल के पास सरेराह गुंडागर्दी और बर्बरता का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां कुछ बेखौफ दबंगों ने मोटरसाइकिल से जा रहे एक प्रेमी जोड़े को जबरन रास्ते में रोक लिया और उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। बदमाशों के चंगुल से अपनी आबरू और जान बचाने के लिए युवती ने बिना सोचे-समझे उफनती नहर में छलांग लगा दी। अपनी सहेली को डूबता देख और उसे बचाने की खातिर युवक भी तत्काल गहरे पानी में कूद गया। थाना कूमकलां की पुलिस ने गांव छंदड़ा निवासी पीड़ित हरमनदीप सिंह की तहरीर पर गांव कटाणी कलां के नामजद आरोपियों दीपी, सुक्खी, रवि और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नहर से बाहर खींचकर लोहे की रॉड और लाठियों से किया लहूलुहान

पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि बुधवार के दिन वह अपनी महिला मित्र के साथ बाइक से नीलो नहर पुल के समीप से गुजर रहा था। तभी पहले से ही घात लगाकर बैठे हथियारों से लैस बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। खौफजदा युवती ने खुद को बचाने के लिए पुल से सीधे नीचे बहती नहर में छलांग लगा दी, जिसके पीछे वह खुद भी पानी में उतर गया। इसके बावजूद हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने दोनों को जबरन खींचकर पानी से बाहर निकाला। किनारे पर लाते ही बदमाशों ने लोहे की रॉड और लाठियों से युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

घायल बेटे को बचाने आई बुजुर्ग मां को सड़क पर घसीटा और किया अपमानित

हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी अचेत पड़े जख्मी युवक को एक ऑटो रिक्शा में लादकर जबरन सिटी सेंटर के सामने ले आए। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित की वृद्ध मां जसविंदर कौर अपने लहूलुहान बेटे की जान की भीख मांगने और उसे दरिंदों से छुड़ाने के लिए बदहवास हालत में सिटी सेंटर पहुंचीं। जब लाचार मां ने अपने तड़पते हुए बेटे को बचाने का प्रयास किया, तो क्रूर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ भी बेहद बदसलूकी की। दबंगों ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर वृद्धा को बीच सड़क पर बेरहमी से घसीटा, उनके साथ धक्का-मुक्की की और सार्वजनिक रूप से उन्हें घोर अपमानित किया।

लूटपाट कर मौके से भागे आरोपी और पुलिसिया तफ्तीश तेज

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते पीड़ित युवक का कीमती मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूटकर मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। कूमकलां थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी फरार बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।