उज्जैन जिले के बड़नगर में मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविदास समाज मांगलिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश मौर्य, जनसंपर्क अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रांतीय महासचिव एवं संयुक्त संचालक वित्त विभाग जी.एल. गुआटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़नगर के प्राचार्य आर.एस. परमार ने की। इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष अंबाराम बॉस, रतलाम जिलाध्यक्ष कैलाशचंद पग्गी, देवास जिलाध्यक्ष नंदराम हरियाले, संभाग उपाध्यक्ष कविता डामोर, संभागीय कोषाध्यक्ष कुणाल वर्मा, संभागीय महासचिव जगन्नाथ सूर्यवंशी, जिला सचिव राकेश भगोरा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अजाक्स के आजीवन सदस्य जे.के. मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम से पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश मौर्य ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद पीतल प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जय भीम प्याऊ पहुंचकर सेवा कार्य में लगे दिव्यांग उमेश भाई का पुष्पमाला एवं नगद राशि देकर सम्मान किया गया।

भोपाल से पहली बार बड़नगर आगमन पर प्रांतीय अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन की शुरुआत बाबा साहब डॉ. अंबेडकर एवं तथागत गौतम बुद्ध के चित्रों पर माल्यार्पण तथा भारतीय संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन के साथ हुई।

कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक जागरूकता एवं कर्मचारी हितों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

साथ ही कार्यक्रम संयोजक, संगठन के आजीवन सदस्य एवं शिक्षा विभाग के लेखापाल पवन कुमार वर्मा को प्रांतीय सचिव नियुक्त कर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष बारोड़ एवं रवि कटारिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रणजीत सिंह चौहान द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात प्रांतीय अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अजाक्स कार्यकर्ता हरिवंश राय पथरोड के पिता स्वर्गीय श्रीकृष्ण पथरोड के निधन पर ठक्कर बाबा कॉलोनी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

रानी शेख सम्पादक – अनोखी हलचल लाइव सच के साथ – हर पल आपके साथ