नागदा 29 मई 2026की रात करीब 10:30 बजे 22 वर्षीय युवती खुशी उर्फ आयुषी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, खुशी की सगाई बरखेड़ा निवासी गोविंद से हुई थी। सगाई के बाद दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी। परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती काफी परेशान थी।

परिजनों का दावा है कि युवती ने अपनी मां को मंगेतर से जुड़े कुछ विवादों की जानकारी दी थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और पुलिस जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक, अगले दिन युवती अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार के सदस्य उसे बुलाने पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों की मदद से अंदर पहुंचा गया, जहां युवती अचेत अवस्था में मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि युवती के मोबाइल फोन में मंगेतर और उसके परिजनों के बड़ी संख्या में मिस्ड कॉल दर्ज मिले हैं। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों की गहन जांच की जानी चाहिए। परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों तथा संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच वार्ड पार्षद एवं पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया तथा पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की है।
रानी शेख सम्पादक अनोखी हलचल लाईव की खास खबर।