राजधानी में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा
लखनऊ|एक पखवाड़े से घरेलू गैस के लिए मारामारी मची हुई है। अमर उजाला की टीम ने सिलिंडरों की कालाबाजारी की थाह लेने के लिए सोमवार को उपभोक्ता बनकर शहर में कई जगह पड़ताल की। बहुत से गैस डिलीवरीमैन को टटोला। कुछ थोड़ी बातचीत में ही खुल गए।
उन्होंने यकीन दिलाया कि दो से तीन हजार रुपये दीजिए और अपने घर पर सिलिंडर की डिलीवरी लीजिए। आज पढ़िए कैसे खुला सिलिंडरों के सौदागरों का खेल...। हम किसी एजेंसी या डिलीवरीमैन की पहचान उजागर नहीं कर रहे क्योंकि हमारा उद्देश्य सिर्फ बाजार में चल रहे इस कालाबाजारी के खुलासा करना है। किसी व्यक्ति को खलनायक सिद्ध करना नहीं है।
तीन हजार लेकर घर पर पहुंच गए सोमवार महानगर वायरलेस चौराहे के पास खड़े दो युवक आपस में बातें कर रहे थे। पास खड़ी उनकी स्कूटी में बोरी में लिपटा एक सिलिंडर था। संवाददाता ने उनसे पूछा कि भाई क्या कहीं गैस मिल पाएगी। पहले तो युवकों ने ना में सिर हिलाया। बाद में जब उन्हें यह बताया गया कि ईद मिलने कुछ रिश्तेदार घर आ रहे हैं और गैस खत्म हो गई है।
एक युवक ने कहीं फोन मिलाने के बाद बताया कि मिल जाएगी लेकिन तीन हजार में। युवक ने कहा कि सिलिंडर यहां नहीं देंगे। आप घर की लोकेशन भेज दीजिए, वहीं पहुंच जाएगा। यह भी बताया कि कुछ देर पहले ही एक व्यक्ति को घर पर सिलिंडर देकर आया हूं।
वहीं से खाली सिलिंडर लेकर लौटा हूं। आप थोड़ी देर पहले आते तो वो सिलिंडर आपको मिल जाता। संवाददाता ने युवक को व्हाट्सएप पर लोकेशन दे दिया। करीब आधे घंटे बाद वह भरा हुआ सिलिंडर लेकर आया और तीन हजार रुपये ले गया।
कनेक्शन नहीं है तो एडवांस दीजिए पैसे...तब घर भिजवाएंगे सिलिंडर
हुसैनगंज इलाके के महेश कुमार के पास एलपीजी कनेक्शन नहीं है। वह सोमवार को अपने इलाके के गैस एजेंसी पर पहुंचे और संचालक को बताया कि उनके पास कनेक्शन नहीं है, लेकिन सिलिंडर की बहुत जरूरत है। संचालक ने बताया कि सिर्फ पंजीकृत उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग पर सिलिंडर मिल सकता है। दूसरा कोई रास्ता नहीं है। काफी गुहार के बाद संचालक ने कहा कि यदि वह एडवांस में सिलिंडर का भुगतान करें तो वह घर पर डिलीवरी करा देंगे। हालांकि, महेश इसके लिए राजी नहीं हुए और सिलिंडर मिलने के बाद भी भुगतान की बात कही।
ढाई हजार लगेंगे, लेकिन भैया किसी को बताना नहीं
कृष्णानगर इलाके की एक गैस एजेंसी के डिलीवरीमैन को फोन किया गया। बिना बुकिंग के सिलिंडर मांगने पर उसे कहा कि उसके पास है ही नहीं। बहुत किल्लत चल रही है। जब उसे कहा गया कि दो हजार तक में ही दिलवा दो तब उसने कहा भैया ढाई हजार रुपये लगेंगे, लेकिन ये बात किसी को बताना नहीं कि आपको किसने सिलिंडर दिया है। जब पूछा गया कि कैसे और कब दिलाओगे तो वह बोला- वो मेरी जिम्मेदारी है, मैं जुगाड़ कर लूंगा।
सिलिंडर को भराने के लिए ली उपभोक्ताओं की लाइन। संवाद
दो हजार लगेंगे, तीन दिन बाद मिलेगा सिलिंडर
हीवेट सड़क स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर साइकिल पर सिलिंडर लेकर चलने वाले ने अपना नाम अनूप बताया। जब उससे सिलिंडर मांगा गया तो उसने पहले बुकिंग कराने के लिए कहा। जब उसे बताया गया कि गैस कनेक्शन नहीं है तो उसका चेहरा खिल गया।
वह बोला कि सिलिंडर मिल जाएगा लेकिन ढाई हजार रुपये लगेंगे। जब मोलभाव किया तो दो हजार रुपये पर बात तय हुई। अनूप ने बताया कि पैसे आज ही देने होंगे, सिलिंडर तीन दिन बाद घर पहुंचा दूंगा। संवाददाता ने कहा कि सिलिंडर लाने पर ही पैसे दूंगा तो उसने मना कर दिया।
ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी
एडीएम (नागरिक आपूर्ति) ज्योति गौतम ने बताया कि कालाबाजारी रोकने को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। लगातार कार्रवाई की जा रही है। आपूर्ति विभाग की टीम पूरे दिन छानबीन में जुटी रहती है। सूचना मिली है कि कुछ ऐसे भी लोग हैं जिनकी गैस खत्म नहीं हुई है और वो बुकिंग से नया सिलिंडर प्राप्त कर मनमाने दाम पर दूसरों को बेच रहे हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी।
आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही
जिला आपूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही हैं। जहां कहीं भी कालाबाजारी की सूचना मिलती है टीम वहां जांच करती है। अभी तक पांच से मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सोमवार को भी चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति का टीम ने पीछा किया तो वह बाइक और उस पर लदे चार सिलिंडर छोड़ कर भाग गया। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
राशिफल 7 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
काशी की पावन धरा पर हुआ उज्जैनी के शौर्य का सूर्योदय
एनएसजी भारत का अभेद्य कवच, इनसे हैं हम हर हाल में सुरक्षित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से नव नियुक्त सूचना आयुक्तों ने की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया "गीता भारती" का विमोचन
स्वस्थ जीवन का आधार है इन्द्रियों पर नियंत्रण: राज्यपाल पटेल
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक करें उपयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
इंदौर में शादी के दौरान हादसा, ओवरलोड लिफ्ट टूटने से 12 घायल; 8 महिलाओं को फ्रैक्चर
हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे, CM योगी ने इसे समाज का आईना बताया
घबराकर गैस बुकिंग या स्टॉक करने कि जरुरत नहीं, मध्यप्रदेश में ऑयल कंपनियों द्वारा ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति जारी