विसावदर सीट से पहले कांग्रेस-AAP में तकरार, गठबंधन की संभावना खत्म

अहमदाबाद: गुजरात में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कोई गठबंधन नहीं होगा। कांग्रेस पार्टी राज्य में होने वाले विसावदर सीट से अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। 2022 के विधानसभा चुनावों में यह सीट आप ने जीती थी। आप ने यहां से अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को उम्मीदवार घोषित किया है, हालांकि आयोज ने अभी तक चुनाव की घोषणा नहीं की है। आप की तरफ से कहा गया था कि कांग्रेस अपना वादा निभाएगी। क्योंकि आप ने गेनीबेन की सीट वाव में उम्मीदवार नहीं उतारा था।
क्या बोले शक्तिसिंह गोहिल?
गुजरात कांग्रेस के प्रमुख शक्ति सिंह गोहिल ने ऐलान किया है कि आप के साथ गठबंधन नहीं होगा। गोहिल ने कहा कि आप ने विसावदर के लिए उम्मीदवार घोषित करने से पहले कोई चर्चा नहीं की थी। गोहिल ने यह भी कहा कि वाव के चुनाव के वक्त पर भी ऐसा कोई बातचीत नहीं हुई थी। विसावदर सीट के लिए उप चुनाव अगले महीने मई में होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने ऐसे वक्त पर आप से गठबंधन करने से इंकार किया है जब राहुल गांधी गुजरात में 'नई कांग्रेस' को गढ़ने में जुटे हैं।
शक्ति बढ़ाने में जुटी है कांग्रेस
शक्ति सिंह गोहिल के अनुसार कांग्रेस विसावदर सीट के उप चुनाव में अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। 2022 के चुनावों में आप को इस सीट पर जीत मिली थी। दूसरे नंबर पर बीजेपी और फिर तीसरे नंबर पर कांग्रेस पाटी रही थी। शक्ति सिंह गोहिल के बयान से साफ हो गया है विसावदर सीट के समीकरणों में कोई बदलाव नहीं होगा। इस सीट पर एक बार फिर से त्रिकोणीय मुकाबला होगा। शक्ति सिंह गोहिल का यह बयान ऐसे वक्त पर सामने आया है जब राज्य में कांग्रेस 41 शहर/जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए बड़ी कवायद कर रही है। इसकी निगरानी सीधे केसी वेणुगोपाल और स्वयं राहुल गांधी कर रहे हैं।